डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान..
बिलासपुर....
शहर के सदर बाजार में मंगलवार की दोपहर हुई ठगी की घटना से व्यापारी वर्ग दहशत में है। घटना को अंजाम देने वाली करीब 45 वर्षीय महिला महज ग्राहक बनकर दुकान में आई और देखते ही देखते करीब दो लाख का असली सोना लेकर फरार हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार स्थित अजय ज्वेलर्स में दोपहर लगभग 1 बजे एक महिला पहुंची। उसने काले रंग का सलवार-सूट पहन रखा था। दुकान संचालक अजय कुमार शाह (62) से महिला ने 23 कैरेट का ब्रेसलेट बदलने की मांग की। महिला ने जो ब्रेसलेट दिखाया उसका वजन करीब 19 ग्राम था।
संचालक ने जांच के बाद महिला को 15 ग्राम का नया ब्रेसलेट दिखाया जिसकी कीमत लगभग ₹1,86,000 थी। महिला ब्रेसलेट लेकर दुकान से बाहर निकल गई। कुछ देर बाद व्यापारी को शंका हुई और दिए गए ब्रेसलेट की जांच कराई, तब पता चला कि वह नकली धातु का बना था।
ठगी का एहसास होते ही व्यापारी ने आसपास के अन्य ज्वेलर्स को सतर्क किया और तुरंत कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने व्यापारी की रिपोर्ट पर धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है और घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
फिलहाल आरोपी महिला फरार है। पुलिस उसकी पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।
इस घटना से बाजार के अन्य ज्वेलर्स भी सतर्क हो गए हैं और पुलिस ने व्यापारियों से संदिग्ध ग्राहकों पर नजर रखने की अपील की है।