जिला कबीरधाम ग्राम कोहड़िया में दर्दनाक हादसा: खेत में करंट से पिता–पुत्र की मौत, खेत मालिक गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...

बिलासपुर। ग्राम कोहड़िया में रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। खेत में असुरक्षित रूप से करंट प्रवाहित किए जाने से पिता–पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी खेत मालिक को गिरफ्तार कर लिया है।


जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 अगस्त 2025 की रात्रि में ग्राम कोहड़िया निवासी जहरू निषाद (60 वर्ष) एवं उसका पुत्र श्रवण निषाद (24 वर्ष) खेत की ओर गए थे। इस दौरान टमाटर के खेत में बिछाए गए जीआई तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से दोनों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।

प्रार्थी राजू निषाद की रिपोर्ट पर चौकी रणवीरपुर में मर्ग दर्ज कर शवों का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि दोनों की मौत बिजली करंट लगने से हुई है।

जांच में सामने आया कि विशाल पटेल (50 वर्ष) पिता स्व. चंदू पटेल, निवासी कोहड़िया ने फसल की सुरक्षा के लिए अपने खेत में जमीन के समानांतर जीआई तार बिछाकर उसमें सीधे करंट प्रवाहित किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी को इस बात की जानकारी थी कि कोई भी व्यक्ति खेत में प्रवेश करेगा तो उसकी जान खतरे में पड़ सकती है।

इस लापरवाही और जानलेवा कृत्य के चलते दोनों ग्रामीणों की मौत हो गई। मामले में अपराध क्रमांक 185/25, धारा 105 बीएनएस पंजीबद्ध किया गया। आरोपी को 26 अगस्त 2025 को दोपहर 1 बजे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

आरोपी से मेमोरेण्डम कथन लिया गया, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने मौके से जीआई तार, खेत का बिजली कनेक्शन और जुलाई 2025 का बिजली बिल जप्त किया है।

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी कर घटना से जुड़े सभी साक्ष्य सुरक्षित कर लिए हैं। प्रकरण की वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच अभी जारी है।

👉 यह घटना ग्रामीण क्षेत्रों में असुरक्षित रूप से खेतों में करंट प्रवाहित करने की खतरनाक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Post a Comment

Previous Post Next Post