डेली न्यूज़ टाइम्स....
बिलासपुर। थाना तारबाहर पुलिस ने नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी अमन सिंघल को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जिसके पास से Nitrazepam के 100 टैबलेट बरामद हुए।
यह दवा सामान्यत: अनिद्रा (Insomnia) के इलाज में दी जाती है, लेकिन नशे के रूप में इसके दुरुपयोग से व्यक्ति को भ्रम, अवास्तविक दृश्य/आवाज सुनना, चिड़चिड़ापन, आक्रामकता और मानसिक असंतुलन जैसी गंभीर समस्याएँ हो सकती हैं। पुलिस ने अमन सिंघल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 22 के तहत अपराध दर्ज किया है।
चाकूबाजी कांड से जुड़ा मामला
यह गिरफ्तारी 25 अगस्त की रात तितली चौक मार्ग पर हुई चाकूबाजी की घटना से जुड़ी है। उस घटना में नशे की हालत में तीन युवकों ने विवाद के दौरान शहडोल निवासी समीर यादव पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही दो नाबालिगों और अमन सारथी (निवासी – चिंगराजपारा) को गिरफ्तार कर लिया था।
विवेचना में सामने आया कि इन युवकों को नशे का सामान राहुल (निवासी – बंगालीपारा, सरकंडा) उपलब्ध कराता था। पुलिस ने राहुल को भी गिरफ्तार किया और उसे भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 49 के तहत दुष्प्रेरणा का आरोपी बनाया।
नेटवर्क का भंडाफोड़
राहुल से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वह नशीली दवाएँ अमन सिंघल से खरीदता था। इसी इनपुट पर पुलिस ने ट्रैप बिछाकर अमन सिंघल को दबोचा और उसके पास से 100 टैबलेट बरामद किए।
पुलिस का संदेश
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब केवल अपराध करने वालों पर ही नहीं, बल्कि नशे का सामान उपलब्ध कराने वाले हर व्यक्ति पर कड़ा शिकंजा कसा जाएगा। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुँचकर सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।