डेली न्यूज़ टाइम्स.... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अग्रसेन चौक स्थित विशाल मेगा मार्ट में रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब शॉपिंग करने पहुंचे एक मासूम बच्ची सहित आठ लोग अचानक लिफ्ट में फंस गए। लिफ्ट तीसरी मंजिल से नीचे आ रही थी, तभी तकनीकी खराबी के चलते बीच में ही रुक गई।
लिफ्ट में उस समय 4 महिलाएं, 3 पुरुष और एक बच्ची मौजूद थे। अचानक बंद हुई बत्तियों और हवा की कमी के चलते लिफ्ट के भीतर अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और बच्चा घबराकर रोने लगे। करीब एक घंटे तक सभी लोग लिफ्ट में फंसे रहे। बाहर खड़े लोगों और परिजनों में भी चिंता और भय का माहौल था।
मामले की जानकारी मिलते ही मार्ट प्रबंधन हरकत में आया। तकनीकी टीम को बुलाया गया, जिन्होंने लगभग 60 मिनट की मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाज़ा खोला। लिफ्ट से बाहर निकले लोगों के चेहरे पर डर और राहत दोनों साफ झलक रहे थे।
घटना के बाद ग्राहकों ने मार्ट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। कई लोगों ने गुस्से में आकर भविष्य में लिफ्ट का इस्तेमाल न करने की बात कही।
गौरतलब है कि आने वाले दिनों में राखी, स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी जैसे त्योहारों के कारण मार्ट में भीड़ बढ़ने की संभावना है। ऐसे में लिफ्ट जैसी जरूरी सुविधा में तकनीकी खामी न केवल लोगों की जान के लिए खतरा है, बल्कि एक बड़ी दुर्घटना को भी न्योता दे सकती है।