नेशनल हाईवे पर मवेशियों की समस्या को लेकर यातायात पुलिस की एसएसपी रजनेश सिंह के साथ हुई अहम बैठक, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लिए गए कई निर्णय

डेली न्यूज़ टाइम्स.. जिया उल्ला खान...

बिलासपुर.....
जिले में सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आज नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और चारों टोल प्लाजा के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में हाईवे पर मवेशियों की उपस्थिति, अवैध पार्किंग, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान एसएसपी ने निर्देश दिए कि:

🔸 नेशनल हाइवे पर मवेशियों के विचरण और एकत्र होने वाले स्थानों की पहचान कर उन्हें हटाने और पुनर्स्थापित करने के लिए इमरजेंसी टीम का गठन किया जाए।
🔸 हाईवे पेट्रोलिंग वाहन एवं 1033 हेल्पलाइन की मदद से मवेशियों को मुख्य मार्ग से तत्काल हटाया जाए।
🔸 सड़क दुर्घटनाओं में घायल मवेशियों के इलाज हेतु उन्हें त्वरित रूप से गौशाला शिफ्ट करने के लिए विशेष वाहन की व्यवस्था की जाए।
🔸 अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के लिए निर्धारित स्थानों पर बोर्ड लगाकर पार्किंग सुनिश्चित की जाए।
🔸 ITMS की मदद से हाईवे पर अवैध पार्किंग करने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाए।
🔸 तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड डिटेक्टर कैमरे और स्पीड लिमिट बोर्ड लगाए जाएं।

इस बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सड़क पर खुले रूप से छोड़े गए मवेशियों के कारण किसी भी प्रकार की दुर्घटना या जनहानि की स्थिति में पशु मालिक को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। इस दिशा में जिला प्रशासन पूर्व में भी दिशा-निर्देश जारी कर चुका है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि हाईवे पर "ब्लैक स्पॉट" के रूप में चिन्हित क्षेत्रों में CCTV कैमरों की मदद से निगरानी रखी जाएगी और वहां मवेशियों की उपस्थिति की स्थिति में तुरंत पुनर्स्थापन किया जाएगा। साथ ही, पशु कल्याण समिति और गौ माता सेवा समिति जैसे सामाजिक संगठनों के सहयोग से घायल पशुओं के इलाज की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।


बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, नेशनल हाईवे डिप्टी डायरेक्टर राजेश्वर, चारों टोल प्लाजा के प्रबंधक और एनएचएआई के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


यातायात पुलिस बिलासपुर ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में सुरक्षित और सुविधाजनक यातायात व्यवस्था के लिए यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा के सभी मानकों का ध्यान रखें।

Post a Comment

Previous Post Next Post