महिला सुरक्षा में सरकंडा पुलिस सख्त, दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपी गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...

बिलासपुर। थाना सरकंडा पुलिस ने महिला संबंधी दो अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों मामलों में पीड़िताओं को सोशल मीडिया व सार्वजनिक स्थान पर परेशान किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी को अम्बिकापुर और दूसरे को घूरू अमेरी से गिरफ्तार किया है।


प्रकरण 1:
दिनांक 13.09.2024 को एक युवती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फेसबुक और इंस्टाग्राम के माध्यम से उससे पारिवारिक व्यक्ति बनकर बातचीत शुरू की और मिलने के लिए दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर उसे अश्लील वीडियो, मैसेज व फोटो भेजकर सोशल मीडिया में वायरल करने की धमकी दी गई। इस पर थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1150/2024 धारा 79 BNS, 67(ए) IT एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

प्रकरण 2:
दिनांक 06.02.2025 को दूसरी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने पूर्व में प्रमोद नवरत्न के खिलाफ बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद आरोपी का साथी अजीत कुमार घृतलहरे ने नूतन चौक के पास रास्ता रोककर केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया और मना करने पर फेसबुक पर अश्लील टिप्पणी कर उसे बदनाम किया। इस मामले में अपराध क्रमांक 360/2025 धारा 351(2), 126(2) BNS, 67 IT एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

दोनों मामलों की विवेचना के दौरान साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान कर लोकेशन ट्रेस की गई।

गिरफ्तार आरोपी –

  1. निखिल दुबे पिता अयोध्या प्रसाद, उम्र 32 वर्ष, निवासी कमकालो, थाना दरिमा, जिला अम्बिकापुर।
  2. अजीत कुमार पिता उतरा घृतलहरे, उम्र 35 वर्ष, निवासी अमलीडीह, थाना फास्टरपुर, जिला मुंगेली (हाल निवासी गोकुलधाम, गली नं. 3, थाना सकरी)।

दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश कुमार पाण्डेय की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्यवाही की गई है।

सरकंडा पुलिस द्वारा महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किए गए इस ठोस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post