डेली न्यूज़ टाइम्स.... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर, छत्तीसगढ़ | थाना सिटी कोतवाली
बिलासपुर शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में झपटमारी की घटना को अंजाम देने वाले दो नाबालिग आरोपियों को पुलिस ने महज एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। दोनों बालकों ने स्कूटी सवार होकर एक महिला से मोबाइल छीनकर फरार हो गए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2025 की रात करीब 8:45 बजे अशोक नगर, थाना सरकंडा क्षेत्र निवासी महिला, जो डीएलएस कॉलेज के पास स्थित ट्वायस जनरल स्टोर में कार्यरत है, ड्यूटी के बाद पैदल अपने घर लौट रही थी। बिलासा चौक शनिचरी बाजार के पास जब वह अपना रियलमी P3X मोबाइल (कीमत लगभग ₹10,000) हाथ में पकड़े बैग का चेन बंद कर रही थी, तभी स्कूटी सवार तीन युवक वहां पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया। आरोपी हैप्पी स्ट्रीट पचरीघाट की ओर फरार हो गए।
प्रकरण में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 348/25 धारा 304, 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने शनिचरी हैप्पी स्ट्रीट क्षेत्र में दबिश देकर हुलिए के आधार पर दोनों नाबालिग आरोपियों को पकड़ा। साथ ही उनके कब्जे से छीना गया रियलमी P3X मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG10/BU2045 को जब्त किया गया।
दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को वैधानिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार पाण्डेय, सउनि भोलेनाथ तिवारी, आरक्षक नुरूल क़ादिर, गोकूल जांगड़े, नवल पैकरा एवं राहुल जगत की सराहनीय भूमिका रही।