डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
कांकेर..
जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीएसएफ व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में थाना परतापुर क्षेत्र के ग्राम मिण्डी के जंगल-पहाड़ी इलाके से एक महिला नक्सली सीएनएम सदस्य और एक नक्सल सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार महिला नक्सली की पहचान सुकमी उर्फ लखमी पद्दा पिता पांडू पद्दा (उम्र 25 वर्ष) निवासी रावनदी, थाना छोटेबेठिया के रूप में हुई है, जिस पर छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ₹50,000 का इनाम घोषित था। वहीं नक्सल सहयोगी के रूप में लखमू पद्दा पिता स्व. मिलू पद्दा (उम्र 45 वर्ष) को पकड़ा गया है।
यह कार्रवाई दिनांक 03 जुलाई 2025 को बीएसएफ 40वीं व 47वीं वाहिनी और जिला पुलिस की संयुक्त गश्त व सर्चिंग के दौरान की गई।
बरामद नक्सली सामग्री:
- 04 नग भरमार बंदूक
- 45 नग सुतली बम
- 03 नग लेड मेटल रॉड
- लगभग 200 मीटर इलेक्ट्रिक वायर
- लगभग 300 ग्राम गन पाउडर
- 02 नग बैटरी
- 02 नग एफएम रेडियो
- 01 मल्टी चार्जर
- 01 सोलर पैनल
- 01 खाली टिफिन बॉक्स
- 04 नग लाल कपड़ा (नक्सली बैनर हेतु उपयोग)
- 02 नग मोबाइल फोन
- 02 जोड़ी नक्सली वर्दी
- 02 नग नक्सली पिट्ठू बैग
- नक्सल साहित्य
- बड़ी मात्रा में दवाइयां व दैनिक उपयोगी सामग्री
यह सफलता पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. (भा.पु.से.), पुलिस उप महानिरीक्षक कांकेर रेंज अमित तुकाराम कांबले (भा.पु.से.), बीएसएफ कन्हारगांव सेक्टर के डीआईजी विपुल मोहन बाला, तथा कांकेर एसपी आई.के. एलिसेला (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन व निर्देशन में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान का परिणाम है।