जघन्य दोहरे हत्याकांड का खुलासा: झोलाछाप डॉक्टर गिरफ्तार, ताने व बुराई बनी हत्या की वजह

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....

रायपुर...

थाना अभनपुर क्षेत्र के ग्राम बिरोदा में बुजुर्ग दंपति की नृशंस हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में झोलाछाप डॉक्टर राकेश कुमार बारले (30 वर्ष), निवासी ग्राम कोड़ापारा थाना कुरूद जिला धमतरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने तानों से परेशान होकर दोनों बुजुर्गों की गला रेतकर हत्या करना स्वीकार किया है।


बता दें कि 16 जुलाई को बिरोदा गांव के गोडपारा में ईश्वर साहू ने पुलिस को सूचना दी थी कि भूखन ध्रुव और उसकी पत्नी रूखमणी ध्रुव का खून से सना शव उनके घर में पड़ा है। दोनों के गले व शरीर पर धारदार हथियार के गंभीर निशान थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी अमरेश मिश्रा, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट व थाना अभनपुर की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

पांच दिन गांव में डेरा डाल कर 200 से अधिक लोगों से पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी विश्लेषण के बाद आरोपी डॉक्टर राकेश बारले की पहचान हुई।

आरोपी डॉक्टर ने ऐसे रची थी हत्या की साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह झोलाछाप डॉक्टर है और बिरोदा में आरके मेडिकल नाम से दुकान चलाता था। करीब एक माह पहले मृतका रूखमणी ध्रुव हाथ दर्द के इलाज के लिए उसके पास आई थी। इलाज से आराम नहीं मिलने पर वह आरोपी की बुराई करने लगी। इसके अलावा आरोपी ने मृतक भूखन ध्रुव की जमीन बिक्री का सौदा रायपुर के एक व्यक्ति से कराया था और 10 हजार रुपये बयाना दिलवाया था, जो सौदा रद्द होने पर भी भूखन ने वापस नहीं किया।

घटना वाले दिन भूखन ने आरोपी से बीपी चेक कराया और घर बुलाकर इलाज करने कहा। जब आरोपी शाम 6 बजे घर पहुंचा तो रूखमणी ने ताना मारा कि 'इससे इलाज नहीं होता'। इसी बात से भड़के आरोपी ने खाट पर लेटे भूखन के गले व सीने पर चाकू से हमला किया। फिर किचन से गर्म पानी लेकर लौटी रूखमणी को भी उसी चाकू से गला रेत दिया।


हत्या के बाद आरोपी ने बदल लिए कपड़े, चाकू व अन्य सामग्री नाले में फेंकी

हत्या के बाद आरोपी धमतरी स्थित अपने घर जाकर कपड़े बदले और चाकू व अन्य सामग्री अभनपुर के नाले में फेंक दी। इसके बाद फिर से बिरोदा आकर सामान्य तरीके से दुकान में बैठ लोगों का इलाज करने लगा, ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, दोपहिया वाहन, कपड़े समेत अन्य सामग्री जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ थाना अभनपुर में धारा 103 BNS व आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सत्येन्द्र सिंह श्याम, निरीक्षक परेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक सतीश पुरिया, सउनि शंकर लाल ध्रुव सहित कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post