प्रेम संबंध में की गई हत्या का खुलासा – प्रेमी और पत्नी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त कुदाल व स्कूटी जब्त

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....

जांजगीर-चांपा....
अकलतरा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल की है। प्रेमी से मिलकर पति की हत्या करने वाली पत्नी और उसका प्रेमी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। हत्या में प्रयुक्त कुदाल और स्कूटी को भी जब्त किया गया है।


गिरफ्तार आरोपी –

  1. युवराज निषाद (35 वर्ष), निवासी रौना कापा, थाना चरहागांव, जिला मुंगेली
  2. ईश्वरी बाई केंवट (32 वर्ष), निवासी कोटमीसोनार, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा

दोनों आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

🔍 घटना का विवरण:

प्रार्थी प्रकाश कुमार केंवट ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भाई अमरनाथ केंवट अपनी पत्नी ईश्वरी केंवट को वापस घर लेकर आया था, जो पहले अपने प्रेमी युवराज निषाद के साथ भाग गई थी। घटना 27 जुलाई 2025 की दोपहर करीब 3:15 बजे की है, जब अमरनाथ का बेटा लक्ष्य कुमार दौड़ते हुए अपने चाचा को बताया कि घर के अंदर उसकी मां का प्रेमी युवराज निषाद आया और उसने कुदाल से अमरनाथ पर ताबड़तोड़ हमला किया।

प्रार्थी जब घर पहुंचा, तो अमरनाथ खून से लथपथ पड़ा मिला। तुरंत उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

🕵️‍♂️ पुलिस की त्वरित कार्रवाई:

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में त्वरित कार्रवाई की गई। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जुर्म कबूल कर लिया।

प्रेमी युवराज ने बताया कि वह और ईश्वरी पिछले 8-9 महीनों से प्रेम संबंध में थे और पुणे भाग गए थे। बाद में बिलासपुर में रहने लगे थे, लेकिन पति द्वारा समझाने पर ईश्वरी घर लौट आई। युवराज ने अमरनाथ की हत्या की योजना बनाई और ईश्वरी के सहयोग से घटना को अंजाम दिया। हत्या के बाद दोनों ने कुदाल को नदी किनारे फेंक दिया था, जिसे पुलिस ने मेमोरेंडम कथन के आधार पर बरामद कर लिया।

👮‍♂️ सफल कार्रवाई में शामिल अधिकारी:

  • निरीक्षक भास्कर शर्मा, थाना प्रभारी अकलतरा
  • निरीक्षक सागर पाठक, साइबर सेल
  • ASI विवेक सिंह
  • आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, शाहबाज खान
  • ASI दाउराम बरेठ, थाना अकलतरा

जांजगीर-चांपा पुलिस की तत्परता और सटीक कार्यशैली से एक जघन्य अपराध का शीघ्र खुलासा हुआ है, जिससे आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post