डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान..
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र अंतर्गत हिर्री माइन्स डोलोमाइट खदान के पास एक युवक की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 25-30 वर्ष बताई जा रही है, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
हिर्री माइन्स के अधिकारी रमेश कुमार चौबे ने पुलिस को सूचना दी कि खदान के पास एक अज्ञात युवक का शव पड़ा है। युवक के सिर को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी हत्या की गई है।
घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और शव पंचनामा की कार्रवाई कर मर्ग कायम किया। बताया जा रहा है कि जहां घटना घटी है वह क्षेत्र भिलाई स्टील प्लांट के हिर्री माइन्स का हिस्सा है और CISF की सुरक्षा में रहता है।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव की शिनाख्त और आरोपी की तलाश जारी है।