रायपुर: पेट्रोल पंप में लूट व हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले 2 आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...

रायपुर। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम उमरिया स्थित पेट्रोल पंप में लूट और हत्या की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को रायपुर पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और लूट की रकम भी बरामद कर ली है।

घटना बीती रात 16-17 जुलाई की है। पेट्रोल पंप पर दो बाइक सवार युवक पहुंचे थे, जिन्होंने 50 रुपये का पेट्रोल भरवाया और 200 रुपये दिए। पैसे लौटाने को लेकर पंप कर्मचारी अनिल गायकवाड़ से विवाद हुआ। विवाद के दौरान ही आरोपियों ने अनिल के हाथ में रखी नगदी छीनने के लिए चाकू से हमला कर दिया।

शोरगुल सुनकर पंप का दूसरा कर्मचारी योगेश मिरी वहां पहुंचा और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल योगेश को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं, अनिल गायकवाड़ का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना मंदिर हसौद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर ली। कुछ ही घंटों की मशक्कत में पुलिस ने दोनों आरोपियों को धर दबोचा।


गिरफ्तार आरोपी

  1. समीर टंडन (21 वर्ष) पिता राजकुमार टंडन, निवासी दीनदयाल उपाध्याय नगर, गातापार, थाना अभनपुर, रायपुर।
  2. कुनाल तिवारी (24 वर्ष) पिता नंदकुमार तिवारी, निवासी बस स्टैंड, राधा कृष्ण मंदिर के पास, थाना अभनपुर, रायपुर।

पुलिस ने दोनों आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त चाकू, बाइक और लूटे गए पैसे जब्त कर लिए हैं। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post