डेली न्यूज़ टाइम्स.. जिया उल्ला खान...
खबर:
रायपुर। कबीर नगर थाना क्षेत्र के फेस-03 में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले कुख्यात आरोपी लल्ला उर्फ आकाश बंदे उर्फ अनमोल समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से करीब 7.5 लाख रुपये का मशरूका बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी लल्ला उर्फ आकाश बंदे गुढ़ियारी का रहने वाला है और पूर्व में हत्या के प्रयास, चोरी और पास्को एक्ट जैसे गंभीर मामलों में भी फरार था। उसके खिलाफ खमतराई, डीडी नगर व साजा थाने में आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी लल्ला उर्फ आकाश बंदे, उसके साथी सोहेल वर्मा (उम्र 19) व एक विधि संघर्षरत बालक को पकड़ा गया। तीनों ने 29 जून को कबीर नगर स्थित अभिषेक शुक्ला के घर का ताला तोड़कर आलमारी से सोना-चांदी के जेवर, नकदी, हाथ घड़ी सहित 7.5 लाख रुपये के सामान की चोरी की थी।
आरोपियों के पास से 59 ग्राम सोना, 1 किलो चांदी, 7,500 रुपये नकद, एक हाथ घड़ी और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक (CG 04 PN 8497) जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपी:
- लल्ला उर्फ आकाश बंदे उर्फ अनमोल (24 वर्ष), निवासी प्रीतम नगर, गुढ़ियारी।
- सोहेल वर्मा जंघेल (19 वर्ष), प्रेम नगर, गुढ़ियारी।
- विधि संघर्षरत एक बालक।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 114/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। कार्यवाही में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और कबीर नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने अहम भूमिका निभाई।