सरकंडा पुलिस की दबिश: सूदखोर गिरफ्तार, 19 मोटरसाइकिलें जब्त

डेली न्यूज़ टाइम्स.... जिया उल्ला खान....

बिलासपुर, 12 जुलाई 2025 — सरकंडा थाना क्षेत्र में अवैध सूदखोरी करने वाले एक व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 19 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के ब्याज पर पैसे देकर लोगों से वाहन व दस्तावेज गिरवी रखता था और समय पर रकम न चुकाने पर धमकाता था।


प्राप्त जानकारी के अनुसार महेश कुमार डहरिया (42 वर्ष), निवासी ग्राम परसाही, लोगों को 5% ब्याज दर पर पैसे देता था और बदले में मोटरसाइकिल व दस्तावेज अपने पास गिरवी रखता था।


प्रकरण तब सामने आया जब पंधी निवासी भागवत प्रसाद सूर्यवंशी ने 10 जुलाई को सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि आरोपी से उधारी ली थी, लेकिन एक माह पूरा होने से पहले ही महेश डहरिया ने ब्याज व कागजों की मांग करते हुए धमकाना शुरू कर दिया। डर के कारण प्रार्थी ने कागजों के साथ 400 रुपए भी आरोपी को दे दिए।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राजेन्द्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक (सरकंडा) सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने ब्याज पर रकम देकर वाहन गिरवी रखने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर कुल 19 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। मामले में अपराध क्रमांक 947/2025, धारा 308(5) बीएनएस एवं 3, 4 कर्जा अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक निलेश पाण्डेय, सउनि शैलेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक बलवीर सिंह, आरक्षक प्रमोद सिंह, संजीव जांगड़े, विवेक राय, सत्य कुमार पाटले, विकास यादव व अन्य की सराहनीय भूमिका रही।



Post a Comment

Previous Post Next Post