डेली न्यूज़ टाइम्स.... जिया उल्ला खान...
जांजगीर-चांपा, 11 जुलाई 2025
जांजगीर-चांपा जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवती द्वारा नाबालिग बालक को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालक को जगदलपुर से सकुशल बरामद कर युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
1 जुलाई 2025 को थाना जांजगीर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 605/25, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा लिया गया था।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर तकनीक की मदद से जांच तेज की। जांच के दौरान यह पता चला कि नाबालिग बालक एक युवती के साथ जगदलपुर क्षेत्र में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम तुरंत रवाना हुई और बालक को युवती के कब्जे से बरामद कर लिया गया।
पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि उसने बालक को शादी का प्रलोभन देकर अपने साथ रखा और उसके साथ अनाचार भी किया। बयान और साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्रा, आरक्षक राजू लाठे और महिला आरक्षक रेखा यादव का विशेष योगदान रहा।