डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर।
सरकंडा पुलिस ने शेयर मार्केट में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोहल्ले के कई लोगों से करीब 15 लाख रुपए ऐंठकर फरार हो गया था।
जानकारी के मुताबिक, प्रार्थी ब्यासनारायण साहू ने शिकायत में बताया कि आरोपी आकाश उर्फ छोटू यादव (29 वर्ष), निवासी काछीबाड़ी बंधवापारा, सरकंडा ने खुद को ट्रेडिंग का जानकार बताते हुए शेयर मार्केट में पैसे लगाने पर मोटा मुनाफा देने का झांसा दिया। इसी भरोसे में प्रार्थी से 1 लाख रुपये (50 हजार UPI के जरिए व 50 हजार नगद) ले लिया। आरोपी ने डेढ़ माह में रकम लौटाने का आश्वासन दिया था।
आकाश यादव ने इसी तरह मोहल्ले के अन्य लोगों- गुलशन केसर, अजय यादव, आलोक शर्मा, आकाश ठाकुर, विष्णु वंशकार, अमित भगत समेत अन्य से करीब 15 लाख रुपये निवेश के नाम पर वसूले। तय समय के बाद जब लोगों ने रकम मांगी तो वह टालमटोल करता रहा और आखिरकार घर में ताला लगाकर फरार हो गया।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल, सीएसपी सिद्धार्थ बघेल, थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय व टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।