डेली न्यूज़ टाइम्स.. जिया उल्ला खान.....
जांजगीर-चांपा,
थाना बलौदा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में डीजल चोरी और लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 150 लीटर डीजल, दो मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल फोन, चांदी की चैन और ₹10,000 नगद बरामद किया गया है।
पहला मामला – लूटपाट और मारपीट की वारदात
नैला निवासी विरेन्द्र कश्यप ने बलौदा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 7 जून 2025 को वह अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11 AD 6026) से ग्राम जर्वे से नैला लौट रहा था। पाली डेम के पास मेन रोड पर तीन युवक — सुरेन्द्र उर्फ चिनु पटेल, रविशंकर बरेठ और राजेश पटेल, सभी निवासी औराईकला — रास्ता रोककर खड़े थे।
तीनों ने रास्ता रोककर विरेन्द्र को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी, फिर हाथ, बेल्ट और डंडे से मारपीट की। इसके बाद विरेन्द्र की जेब से ₹10,000 नगद, गले से चांदी की चैन और रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन (कुल मूल्य लगभग ₹35,000) लूट लिया। इतना ही नहीं, प्रार्थी की मोटरसाइकिल को डंडे से मारकर क्षतिग्रस्त भी कर दिया गया।
इस पर बलौदा थाने में अपराध क्रमांक 239/25 के तहत धारा 309(6), 126(2), 324(2) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरा मामला – ट्रेलर से डीजल चोरी
8 जून 2025 को ट्रेलर (क्रमांक CG 12 BN 6615) के चालक ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह कन्हाईबंद की ओर जा रहा था। ग्राम जर्वे के पाली डेम के पास सड़क किनारे ट्रेलर खड़ा कर आराम कर रहा था। तभी दो मोटरसाइकिलों में सवार तीन युवक आए और ट्रेलर की डीजल टंकी तोड़कर तीन जरीकेन में 50-50 लीटर डीजल भरकर चोरी कर ले गए।
जब चालक ने विरोध किया, तो आरोपी मौके से फरार हो गए। इस पर बलौदा थाना में अपराध क्रमांक 240/25 धारा 303(2), 3(5) भा.न्या.सं. के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी और पूछताछ
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए बलौदा पुलिस द्वारा सुरेन्द्र उर्फ चिनु पटेल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि दोनों घटनाओं को उसने अपने साथियों रविशंकर बरेठ और राजेश पटेल के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
सभी आरोपियों के घर पर दबिश देकर तीनों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से लूट और चोरी का सामान बरामद किया गया जिसमें शामिल हैं:
- ₹10,000 नगद
- चांदी की चैन
- रियलमी मोबाइल
- तीन जरीकेन में भरा 150 लीटर डीजल (कीमत ₹14,100)
- दो मोटरसाइकिल (कीमत ₹60,000)
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 9 जून 2025 को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका
इस कार्रवाई में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में सउनि प्रतिभा राठौर, प्रआर गजाधर पाटनवार, प्रआर मुकेश यादव, आरक्षक हेमंत साहु, श्याम राठौर, प्रहलाद निर्मलकर, रूपेश डहरिया, लखेश विश्वकर्मा और युवराज सिंह ने अहम भूमिका निभाई।