पत्नी की गला दबाकर हत्या करने वाला आरोपी पति पुलिस की गिरफ्त में

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...

बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक युवक ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। तोरवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।


घटना 09 जून 2025 की है। प्रार्थी संतोष कुमार सूर्यवंशी, निवासी लालखदान, महमंद, थाना तोरवा, थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराया कि उसका दामाद अंकित लास्कर, उम्र 25 वर्ष, निवासी लालखदान, महमंद, अक्सर शराब के नशे में उसकी पुत्री मुस्कान के साथ मारपीट करता था। इसी कारण पूर्व में प्रार्थी ने अपनी बेटी को अपने घर में लाकर रखा था।

घटना वाले दिन अंकित लास्कर प्रार्थी के घर आया। उस समय घर में मुस्कान और उसकी छोटी बहन अनामिका मौजूद थीं। आरोपी ने कुछ पैसे देकर अनामिका को सामान लाने के लिए भेजा और इसी दौरान अकेली मुस्कान को पाकर उसके गले में पहने काले मोटे धागे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 248/2025, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम तत्काल हरकत में आई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली और थाना प्रभारी तोरवा के नेतृत्व में एक टीम गठित कर तत्काल मौके पर भेजा गया।

पुलिस ने त्वरित घेराबंदी करते हुए आरोपी अंकित लास्कर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक कार्यवाही हेतु न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक जघन्य अपराध का खुलासा हुआ और आरोपी को समय रहते पकड़ लिया गया।



Post a Comment

Previous Post Next Post