डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
जांजगीर-चांपा,....
थाना चांपा क्षेत्र अंतर्गत बरपाली चौक स्थित रजा मोबाइल शॉप में रात्रि के समय हुई बड़ी चोरी की घटना को चांपा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महज कुछ घंटों में सुलझा लिया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के मोबाइल, लैपटॉप, मॉनिटर और अन्य उपकरण जब्त किए गए हैं।
विवरण:
प्रार्थी रियाज खान निवासी तहसील रोड चांपा ने 10 जून को थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 09 जून की रात करीब 9 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर गया था। अगली सुबह दुकान पर आकर देखा तो ताले टूटे हुए थे और दुकान से लैपटॉप, मॉनिटर, मोबाइल फोन समेत अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका था।
इस रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
🎥 CCTV फुटेज बना बड़ा सुराग:
घटना की गंभीरता को देखते हुए चांपा पुलिस व साइबर सेल की टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चार संदिग्ध युवक चोरी करते हुए और रेलवे ट्रैक की दिशा में भागते हुए दिखाई दिए।
मुखबिरों को सक्रिय किया गया। एक विश्वसनीय सूचना के आधार पर पता चला कि मिशन फाटक क्षेत्र में रहने वाला मोहम्मद इमरान अंसारी, सुरेश उर्फ रानी यादव, दिलबर यादव और शिवम महंत घटना की रात देर रात पार्टी कर रहे थे और किसी बड़ी वारदात की चर्चा कर रहे थे।
पूछताछ में हुआ खुलासा:
मुखबिर की सूचना पर सुरेश उर्फ रानी यादव को पकड़ा गया। शुरुआत में वह पूछताछ में टालमटोल करता रहा, लेकिन मनोवैज्ञानिक तरीके से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली। सुरेश ने बताया कि चोरी में उसके साथ दिलबर यादव, शिवम महंत और मोहम्मद इमरान अंसारी भी शामिल थे।
चारों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से पकड़ा गया और उनके कब्जे से चोरी किया गया सारा सामान बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- सुरेश यादव पिता स्व. रामलाल यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी भोजपुर, चांपा
- दिलबर यादव पिता स्व. रामलाल यादव, उम्र 24 वर्ष, निवासी भोजपुर, चांपा
- शिवम महंत पिता पुनीदास महंत, उम्र 22 वर्ष, निवासी बरपाली चौक, चांपा
- मोहम्मद इमरान अंसारी पिता मोहम्मद इकबाल अंसारी, उम्र 24 वर्ष, निवासी बरपाली चौक, चांपा
इन चारों के पास से चोरी के मोबाइल, लैपटॉप, मॉनिटर समेत कुल 1,50,000 रुपये की सामग्री जब्त की गई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
कार्रवाई में सम्मिलित पुलिस टीम:
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता, साइबर सेल प्रभारी सागर पाठक, सउनि विवेक सिंह, प्रआर. मनोज तिग्गा, आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुंबे, अर्जुन यादव, हजारी लाल मेरसा, श्रीकांत सिंह, शाहबाज अहमद, सउनि अरुण कुमार सिंह, मुकेश कुमार पांडेय, बाबूलाल दिवाकर, प्रकाश राठौर, माखन साहू, डिकेश्वर साहू, मुद्रिका दुबे, सुमंत कंवर, वीरेश सिंह, गोपेश्वर सिंह सहित पूरी टीम का अहम योगदान रहा।