डेली न्यूज़ टाइम्स... मोहम्मद शाकिब खान....
गौरैला। नगर निगम क्षेत्र के डुमरिया वार्ड में वर्षों से पेयजल की समस्या से जूझ रहे नागरिकों को आखिरकार बड़ी राहत मिली है। यह संभव हो सका नगर निगम अध्यक्ष मुकेश दुबे की सक्रिय पहल और संवेदनशील नेतृत्व के कारण, जिन्होंने चुनाव के दौरान किए गए वादे को सिर्फ याद ही नहीं रखा, बल्कि उसे पूरा कर दिखाया
चुनाव प्रचार के दौरान डुमरिया वार्डवासियों ने मुकेश दुबे के सामने अपने क्षेत्र की गंभीर जल समस्या रखी थी। लोगों ने बताया था कि गर्मियों में हालात इतने बदतर हो जाते हैं कि एक-एक बाल्टी पानी के लिए दूर-दूर तक भटकना पड़ता है। इस पर मुकेश दुबे ने आश्वासन दिया था कि चुनाव जीतने के बाद वे इस संकट का स्थायी समाधान करेंगे।
चुनाव जीतने के बाद अध्यक्ष मुकेश दुबे ने उपाध्यक्ष श्रीमती रोशनी शर्मा के सहयोग से इस मुद्दे को प्राथमिकता दी। दोनों जनप्रतिनिधियों की पहल पर डुमरिया वार्ड में त्वरित रूप से बोर खनन कराया गया और जल्द ही हेडपंप की स्थापना भी कर दी गई।
जैसे ही बोर से पानी निकलना शुरू हुआ, वार्ड में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय नागरिकों ने अपनी खुशी जाहिर की। लोग एक स्वर में कह रहे थे — "मुकेश दुबे ने जो कहा था, वो कर दिखाया।"
वार्ड की निवासी संगीता बाई ने कहा, “हमने कई सालों से सिर्फ आश्वासन सुना था, लेकिन पहली बार किसी जनप्रतिनिधि ने हमारी पीड़ा को गंभीरता से लेकर कार्य भी किया है। इसके लिए हम मुकेश दुबे और रोशनी शर्मा के आभारी हैं।”
मुकेश दुबे ने इस मौके पर कहा, “जनता ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उसे मैं हर हाल में निभाऊंगा। जनता की समस्याओं का समाधान करना ही मेरा पहला कर्तव्य है। डुमरिया वार्ड में पेयजल संकट खत्म हुआ है, आगे और वार्डों में भी इसी तरह काम होंगे।”
डुमरिया में यह कार्य एक मिसाल बन गया है, जहाँ जनप्रतिनिधियों की तत्परता और जवाबदेही से आम जनता को वास्तविक राहत मिली है। नगर निगम गौरैला के इस कार्य को आमजन से खूब सराहना मिल रही है।