नौकर ही निकला चोर, मालिक की कार चोरी कर हुआ फरार — चांपा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में कुछ ही घंटों में पकड़ा गया आरोपी, कार बरामद

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...

थाना चांपा क्षेत्र में एक युवक ने अपने ही मालिक के साथ विश्वासघात कर दिया। प्रार्थी पवन कुमार सोमानी, निवासी बरपाली चौक गुरुद्वारा के पास, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने अपनी टाटा हेक्सा कार (क्रमांक CG11AP7788) को 09 जून की शाम लगभग 7 बजे गुरुद्वारा के सामने पार्क किया था। अगली सुबह जब वह घूमने निकला तो कार गायब मिली। आसपास तलाशने पर जब कार नहीं मिली, तब वह थाना चांपा पहुंचा और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।


पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के नेतृत्व में साइबर टीम और चांपा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि प्रार्थी की श्रीकृष्णा इंफ्रा डेवलपर फर्म में पूर्व में कार्य कर चुके ड्राइवर दिपांशु लहरे, उम्र 19 वर्ष, निवासी किसान परसदा, थाना मस्तुरी, जिला बिलासपुर, कुछ दिनों से कार्य से अनुपस्थित था और उसका मोबाइल फोन भी बंद था।

सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें संदेह गहराते ही टीम ने विभिन्न स्थानों के फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की। जानकारी मिली कि घटना की रात वह चांपा में देखा गया था। रेलवे स्टेशन जयरामनगर से आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने कबूला कि वह पहले पवन सोमानी के यहां ड्राइवर था और उसी दौरान कार को देखकर चोरी की योजना बनाई।

उसने चुपचाप कार की चाबी निकाल ली थी और मौका पाकर कार चोरी कर ली। योजना थी कि वह कार से ओला-ऊबर जैसे बुकिंग प्लेटफॉर्म में काम कर कमाई करेगा। चोरी के बाद उसने कार की नंबर प्लेट भी निकाल कर छिपा दी थी। आरोपी के कब्जे से उसके गांव किसान परसदा से 7 लाख रुपए मूल्य की टाटा हेक्सा कार बरामद कर ली गई है।

🔹 गिरफ्तारी में सक्रिय भूमिका निभाने वाली टीम

  • जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा)
  • सागर पाठक (प्रभारी, साइबर सेल)
  • विवेक सिंह (सउनि),
  • प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा
  • आरक्षक: गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, शहबाज अहमद, श्रीकांत सिंह
  • चांपा थाना से: सउनि अरुण कुमार सिंह, मुकेश कुमार पांडेय, आरक्षक गोपेश्वर सिंह, माखन साहू, डिकेश्वर साहू

टीम की तत्परता और तकनीकी जांच के दम पर वाहन चोरी का यह मामला कुछ ही घंटों में सुलझा लिया गया। आरोपी पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है

Post a Comment

Previous Post Next Post