डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
जांजगीर-चांपा,
जिले में यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जा रहा है। बीते एक माह में ड्रिंक एंड ड्राइव की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 120 से अधिक मामलों में कार्रवाई की है, जिसमें सभी चालकों के वाहन जब्त किए गए हैं।
10 जून को विशेष अभियान के तहत सिर्फ मालवाहक वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान हाईवा, ट्रेलर और माजदा जैसे 7 मालवाहक वाहनों के चालकों को नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। इन सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कानूनी कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त किए गए और चालकों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यातायात पुलिस द्वारा यह अभियान जिले के कई प्रमुख क्षेत्रों में चलाया गया, जिसमें चांपा थाना क्षेत्र के हथनेवरा चौक, घटोली चौक, जांजगीर थाना क्षेत्र के बनारी चौक, पुटपुरा चौक, खोखरा चौक के अलावा अकलतरा, बिर्रा और बम्हनीडीह क्षेत्र शामिल रहे। इन स्थानों पर पुलिस ने विशेष निगरानी रखते हुए नशे में गाड़ी चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई की।
इस अभियान के तहत सिर्फ वाहन जब्त करने तक ही सीमित नहीं रहा गया, बल्कि पकड़े गए चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
यातायात पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पिछले पांच महीनों में कुल 306 शराबी चालकों पर कार्रवाई की गई है। इन सभी चालकों के वाहन जब्त कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ प्रत्येक पर 10,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया गया।
जनहित में अपील:
जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर सुरक्षित यातायात नियमों का पालन करें और विशेष रूप से निम्न बातों का ध्यान रखें:
- शराब पीकर वाहन न चलाएं।
- तेज गति में वाहन चलाने से बचें।
- हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं।
- मोटरसाइकिल पर तीन सवारी न करें।
- मालवाहक वाहन या ट्रैक्टर में सवारी न बैठाएं।
- रात्रि में यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें।
- नींद या नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
- यातायात नियमों का पालन करें।
- नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
यातायात पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।