डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
जांजगीर-चांपा ज़िले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में चांपा थाना पुलिस ने घोघरनाला तीसरा पारा क्षेत्र में दबिश देकर एक आरोपी को 38 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
थाना चांपा पुलिस को सूचना मिली थी कि संदीप केवट, निवासी घोघरनाला तीसरा पारा, अपने घर के सामने हाथ भट्टी से बनी अवैध महुआ शराब बेचने की तैयारी में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर रेड कार्रवाई की। तलाशी के दौरान संदीप के पास से अलग-अलग जरीकेनों में कुल 38 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3800 रुपये है।
बरामद शराब को गवाहों के समक्ष जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना चांपा में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में उप निरीक्षक बी एस लकड़ा, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, मप्रआर. पुष्पलता साहू, आरक्षक डिकेश्वर साहू, सुमंत कंवर, माखन साहू, शंकर सिंह राजपूत सहित थाना स्टाफ का अहम योगदान रहा।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जिले में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।