डेली न्यूज़ टाइम्स... रविश शर्मा की रिपोर्ट
बीजापुर, छत्तीसगढ़:
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी कामयाबी मिली है। बीजापुर के नेशनल एरिया पार्क के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सीपीआई (माओवादी) की केंद्रीय कमेटी का सदस्य नरसिम्हाचलम उर्फ गौतम उर्फ सुधाकर मारा गया।
सुरक्षाबलों की यह संयुक्त कार्रवाई नक्सल विरोधी रणनीति के तहत अंजाम दी गई। मुठभेड़ के दौरान घटनास्थल से एक ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किया गया है। मारा गया नक्सली नेता संगठन के शिक्षा विभाग का इंचार्ज था और उस पर विभिन्न राज्यों में कुल मिलाकर 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
नरसिम्हाचलम आंध्र प्रदेश के चिंतापल्ली इलाके का रहने वाला था। वह छत्तीसगढ़, तेलंगाना और महाराष्ट्र में कई नक्सली वारदातों में वांछित था। भारत सरकार तथा विभिन्न राज्य सरकारों की ओर से उस पर अलग-अलग क्षेत्रों में कुल 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक का इनाम रखा गया था।
सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को माओवादी नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है। मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।