डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। थाना सरकंडा पुलिस ने नशीली कफ सिरप की अवैध तस्करी से जुड़े एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए झारखंड से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने ईंड-टू-ईंड विवेचना करते हुए झारखंड के देवघर जिले से कफ सिरप उपलब्ध कराने वाले मेडिकल संचालक को पकड़ने में सफलता प्राप्त की
अवैध कफ सिरप बिक्री का मामला
दिनांक 09 मार्च 2025 को सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ऊर्जा पार्क, राजकिशोर नगर क्षेत्र में एक युवक और एक नाबालिग संदिग्ध अवस्था में घूम रहे हैं और उनके पास प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप हो सकती है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से अथर्व सौम्य सिंह और एक नाबालिग को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से ONERX कफ सिरप के 55 नग, जिसकी कुल अनुमानित कीमत ₹10,725 बताई गई, बरामद किए गए।
मुख्य आरोपी की तलाश
पूछताछ और प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी अथर्व सौम्य सिंह और नाबालिग को यह प्रतिबंधित कफ सिरप भांचा उर्फ तानु मेश्राम के निर्देश पर झारखंड से मंगवाया गया था। विवेचना को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य के माध्यम से कफ सिरप उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान रितूराज पिता अरुण कुमार सिंह (उम्र 28 वर्ष), निवासी बी.एन. झा रोड, थाना नगर, जिला देवघर, झारखंड के रूप में की।
देवघर से गिरफ्तारी
तत्काल कार्रवाई करते हुए बिलासपुर से एक टीम गठित कर देवघर रवाना किया गया। टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के निर्देशन में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक राकेश यादव और नमित सोनी शामिल थे। देवघर पहुंचकर स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी रितूराज को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान रितूराज ने प्रतिबंधित कफ सिरप की आपूर्ति में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
अब तक की कार्रवाई
- अब तक कुल 55 नग कफ सिरप बरामद किए जा चुके हैं।
- अथर्व सौम्य सिंह और एक नाबालिग को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
- मुख्य सप्लायर रितूराज को देवघर से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की यह कार्रवाई नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट मानी जा रही है। आगे की विवेचना जारी है और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।