डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
जांजगीर-चांपा: थाना चांपा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई वाहन को बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोसमंदा निवासी हीरालाल यादव ने 17 मई की रात 10 बजे से 18 मई की सुबह 6 बजे के बीच उसकी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 11BE 2053) चोरी होने की रिपोर्ट थाना चांपा में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपी और चोरी गए वाहन की पतासाजी लगातार की जा रही थी। इस दौरान स्थानीय लोगों के सहयोग से चांपा शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई। जांच के क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि कोसमंदा, चांपा निवासी अज्जू यादव (उम्र 20 वर्ष), हाल निवासी राताखार, जिला कोरबा के पास चोरी की गई मोटरसाइकिल है।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में टीम गठित कर त्वरित रेड की गई। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद की और उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक के.डी. बनर्जी, प्रधान आरक्षक नरसिंग बर्मन, आरक्षक अमृत सूर्या और कैलाश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।