उड़ीसा से गांजा की तस्करी करने वाला मुख्य सप्लायर मोहन नाग गिरफ्तार.. सरकंडा पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

डेली न्यूज़ टाइम्स.. जिया उल्ला खान....

बिलासपुर। सरकंडा पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए उड़ीसा से गांजा सप्लाई करने वाले फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज अपराध क्रमांक 359/2025 की विवेचना के दौरान की गई, जिसमें पहले ही दो आरोपी व एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया जा चुका है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 मार्च 2025 को थाना यातायात और सरकंडा पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा थाना अजाक के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उड़ीसा से दो व्यक्ति कार्टून में गांजा रखकर कोटा की ओर जाने वाले हैं। तत्काल इस सूचना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राजेन्द्र जायसवाल व नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा श्री सिद्धार्थ बघेल के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडे के नेतृत्व में एक टीम गठित कर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम द्वारा बताए गए हुलिए के अनुसार निगरानी की जा रही थी कि तभी होंडा साइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG10 BW 9342) पर सवार दो व्यक्ति आते दिखे। पुलिस को देखकर पीछे बैठा युवक मौके से फरार हो गया, जबकि मोटरसाइकिल चालक को पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान कार्टून में रखे 7 पैकेट और सीट के नीचे छिपाए गए 3 पैकेट गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर कुल 10 किलो 700 ग्राम गांजा मिला जिसकी बाजार कीमत लगभग 1.5 लाख रुपये आंकी गई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी विकास वर्मा ने बताया कि उसने यह गांजा संदीप वर्मा (गनियारी निवासी) के कहने पर एक नाबालिग साथी के साथ उड़ीसा से लाकर देना था, जिसके बदले उसे 2000 रुपये मजदूरी दी जानी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदीप वर्मा व नाबालिग बालक को दिनांक 08 मार्च 2025 को गिरफ्तार कर लिया।

इस पूरे नेटवर्क में गांजा सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी मोहन नाग निवासी ग्राम बांका बियर, थाना पटनागढ़, जिला बलांगीर (उड़ीसा) फरार चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सीएसपी सिद्धार्थ बघेल को पर्यवेक्षण हेतु नियुक्त किया। लगातार तकनीकी साक्ष्य और मानवीय स्रोतों के माध्यम से मोहन नाग की तलाश की जा रही थी।

अंततः आरोपी मोहन नाग का लोकेशन उड़ीसा में ट्रेस होते ही सरकंडा से एक टीम भेजी गई और दिनांक 15 मई 2025 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया। उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

बरामद सामग्री का विवरण:

  • मादक पदार्थ (गांजा): 10.700 किलोग्राम
  • मोटरसाइकिल (CG10 BW 9342)
  • मोबाइल फोन
  • कुल अनुमानित कीमत: ₹2,36,000/-

पुलिस का संदेश:
सरकंडा पुलिस द्वारा इस नेटवर्क का सफलतापूर्वक भंडाफोड़ कर गांजा तस्करी की श्रृंखला को तोड़ा गया है। मादक पदार्थों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post