कमरीद गांव में मामूली विवाद ने ली जान, हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....



जांजगीर-चाम्पा, 25 मई 2025

सारागांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कमरीद में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मई की शाम को रमेश कुमार सूर्यवंशी (उम्र 36 वर्ष), अपने घर के सामने बाजा बजा रहा था। उसी दौरान पास ही रहने वाले मनहरण धीरही (उम्र 48 वर्ष) के छोटे भाई के बच्चे बाजा देखने और छूने लगे। इससे नाराज होकर रमेश ने बच्चों को डांट-फटकार लगाई और एक बच्चे को थप्पड़ मारकर भगा दिया। बच्चों ने यह बात घर जाकर परिजनों को बताई।

घटना की जानकारी मिलने पर मनहरण धीरही ने रमेश से जाकर पूछताछ की और बच्चों को मारने पर आपत्ति जताई। इसके बाद मनहरण वहां से जैतखाम चौक की ओर चला गया, जहां अन्य ग्रामीण भी मौजूद थे। कुछ देर बाद लगभग 6:30 बजे रमेश कुमार सूर्यवंशी लकड़ी का फट्टा लेकर आया और पीछे से मनहरण के सिर पर जोरदार वार किया। हमले से वह मौके पर ही गिर पड़ा। गिरने के बाद आरोपी ने उसके शरीर पर पैरों से मारपीट की और वहां से फरार हो गया।

परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और डायल-112 की मदद से मनहरण को इलाज के लिए बीडीएम अस्पताल चाम्पा ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए उसे बिलासपुर रेफर किया गया। उसे वंदना अस्पताल बिलासपुर में भर्ती किया गया, लेकिन इलाज के दौरान 24 मई की सुबह लगभग 4:00 बजे उसकी मृत्यु हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही सारागांव पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी रमेश कुमार सूर्यवंशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध क्रमांक 72/2025 पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को उसके निवास स्थान से घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया।

इस मामले में सारागांव थाना प्रभारी सावन सारथी सहित पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई सराहनीय रही। पुलिस द्वारा आगे की विवेचना जारी है



Post a Comment

Previous Post Next Post