डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर,
बिलासपुर पुलिस ने बीते तीन दिनों में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडीएमए ड्रग्स की तस्करी में लिप्त अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान तीन अलग-अलग मामलों में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के निवासी हैं। पुलिस ने इनसे लगभग 15 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई थाना सिविल लाइन, थाना रतनपुर और एसीसीयू टीम की संयुक्त कोशिशों से संभव हो सकी। विशेष अभियान के तहत तस्करों की निगरानी की जा रही थी, जिसमें सफलता मिली।
पहला मामला – उसलापुर स्टेशन पर गिरफ्तारी:
पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली से उत्कल एक्सप्रेस के जरिए एक व्यक्ति बिलासपुर की ओर एमडीएमए लेकर आ रहा है। सूचना के आधार पर उसलापुर स्टेशन पर निगरानी रखी गई। ट्रेन के रुकते ही संदिग्ध को पकड़ा गया, जिसकी पहचान प्रदीप कुमार, निवासी सोनीपत (हरियाणा) के रूप में हुई। उसके पास से एक पार्सल मिला जिसमें एमडीएमए ड्रग्स था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि यह पार्सल दिल्ली निवासी शुभम दत्त ने उसे दिया था। इस मामले में थाना सिविल लाइन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
दूसरा मामला – शुभम समेत चार गिरफ्तार:
पुलिस को जानकारी मिली कि शुभम वाराणसी होते हुए बिलासपुर की ओर आ रहा है। निगरानी के बाद रतनपुर क्षेत्र में चेकिंग पॉइंट लगाकर शुभम को एक कार से गिरफ्तार किया गया। उसके साथ कार में तीन अन्य व्यक्ति – सुमित कुमार (दिल्ली), रितेश शर्मा (जयराम नगर, मस्तूरी) और राजू सिंह (चकरभाठा) भी थे। कार की तलाशी के दौरान भी एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुआ। इस मामले में थाना रतनपुर में मामला दर्ज किया गया है
तीसरा मामला – रेलवे स्टेशन पर राजस्थान निवासी गिरफ्तार:
एक अन्य सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से बिलासपुर पहुंचे विवेक कुमार, निवासी जिला करौली (राजस्थान), को रेलवे स्टेशन पर हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 3 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। इस संबंध में भी थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर जांच जारी है।
ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा:
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दिल्ली से ट्रेनों के माध्यम से एमडीएमए और अन्य नशीले पदार्थों की आपूर्ति की जा रही थी। आरोपी रेलवे पार्सल सेवा और व्यक्तिगत माध्यमों से ड्रग्स की तस्करी कर रहे थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।