जिले के नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक जांजगीर चांपा श्री विजय कुमार पाण्डे (IPS) ने किया पदभार ग्रहण

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...


जांजगीर-चांपा | जिले के नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डे (IPS) ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जांजगीर-चांपा पहुँचकर विधिवत रूप से अपने पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया।


पदभार ग्रहण करने के पश्चात पाण्डे ने कार्यालय में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिसिंग को लेकर निर्देश
पाण्डे ने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था की सख्त निगरानी और पुलिस तंत्र में पारदर्शिता बनाए रखने की होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपराध पर नियंत्रण के लिए सतर्कता बरतें तथा आम नागरिकों के साथ संवेदनशीलता और सम्मान के साथ पेश आएं।


पत्रकारवार्ता का आयोजन
पदभार ग्रहण के उपरांत पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभा कक्ष में पत्रकारवार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के समस्त प्रमुख पत्रकार उपस्थित रहे। पत्रकारों से परिचय प्राप्त करने के पश्चात पाण्डे ने बस्तर क्षेत्र में अपने पूर्व अनुभव साझा किए, जहाँ वे नक्सल ऑपरेशन का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने बताया कि किस प्रकार टीम वर्क और रणनीतिक कार्यवाही के माध्यम से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सफलता प्राप्त की गई। उन्होंने कहा कि जांजगीर-चांपा जैसे शांत जिले में भी प्रोएक्टिव पुलिसिंग जरूरी है ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक प्रवृत्तियों को जन्म न लेने दिया जाए।

प्रशासनिक अनुभव व सेवा पृष्ठभूमि
विजय कुमार पाण्डे वर्ष 2000 बैच के डायरेक्ट डीएसपी हैं। उन्होंने अपनी सेवाएँ STF बघेरा में देने के पश्चात विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। रायपुर जिले में परिवीक्षाधीन अवधि के बाद वे SDOP बेमेतरा, SDOP किरंदुल, CSP राजनांदगांव तथा ASP बिलासपुर, कोरबा एवं जगदलपुर जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर पदस्थ रहे हैं। हाल ही में वे दुर्ग में SP रेडियो के पद पर कार्यरत थे।

पदभार ग्रहण अवसर पर उपस्थित अधिकारीगण
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार, DSP अजाक जितेंद्र खूंटे, DSP कविता ठाकुर, SDOP चाम्पा यदुमणि सिदार, SDOP जांजगीर प्रदीप कुमार सोरी, DSP मुख्यालय विजय पैकरा, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, स्टेनो राजेंद्र श्रीवास्तव, ASI अश्वनी राठौर रीडर-1 सहित पुलिस कार्यालय के अनेक अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post