डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान....
बिलासपुर
सीपत पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कंपनी की नगदी राशि 6 लाख रुपये गबन कर फरार हुए एक कर्मचारी को उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने रकम अपनी बहन की शादी में खर्च की और अपने गृहग्राम भाग गया था।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुब्रतो राय (उम्र 29 वर्ष), निवासी ग्राम पंधी, थाना सीपत (हाल निवासी मोपका, थाना सरकंडा) ने थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी वर्ष 2022 से बिलासपुर रोड कैरियर ट्रांसपोर्ट कंपनी में ट्रांसपोर्ट मैनेजर के रूप में कार्यरत है। उसी कंपनी में अनुराग पाण्डेय नामक युवक सीनियर ट्रांसपोर्ट मैनेजर था, जो कंपनी के नकद लेनदेन और लाकर की जिम्मेदारी संभालता था।
आरोप है कि अनुराग पाण्डेय ने ट्रांसपोर्ट कंपनी की 6 लाख रुपये नकद राशि का गबन किया और फरार हो गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने यह रकम अपनी बहन की शादी में खर्च की।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
प्रार्थी की शिकायत पर थाना सीपत में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी गोपाल सतपथी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। सायबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और टीम को उत्तर प्रदेश रवाना किया गया।
पुलिस टीम ने ग्राम पंडौली, थाना अतरौलिया, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) पहुंचकर आरोपी अनुराग पाण्डेय (उम्र 24 वर्ष, पिता नागेंद्र पाण्डेय) को उसके निवास स्थान से गिरफ्तार कर थाना सीपत लाया। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
गवाहों के कथन, दस्तावेज़ और आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर उसे 22 मई 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका:
- निरीक्षक गोपाल सतपथी (थाना प्रभारी, सीपत)
- प्रधान आरक्षक कौशल वस्त्रकार
- प्रधान आरक्षक प्रफुल्ल सिंह
- आरक्षक लक्ष्मण चंद्रा
टीम के सतर्क प्रयासों और सटीक तकनीकी सहयोग से आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सकी।