डेली न्यूज़ टाइम्स.. जिया उल्ला खान....
डेस्क खबर..
जांजगीर-चांपा,
जिले की बलौदा थाना क्षेत्र में हुए ट्रैक्टर-ट्राली चोरी के मामले का पुलिस ने चंद दिनों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दो विधि विरुद्ध संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लेकर किशोर न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया ट्रैक्टर एवं ट्राली भी बरामद कर लिया गया है। यह सफलता साइबर सेल जांजगीर और थाना बलौदा पुलिस की संयुक्त कार्यवाही से संभव हो पाई।
घटना का विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदा निवासी वेदमणी कटकवार ने दिनांक 08 मई 2025 को थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 06 मई की रात अज्ञात चोर उसके स्वराज ट्रैक्टर एवं नीले रंग की ट्राली को घर के बाहर से चोरी कर ले गए हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 181/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला (PS) के निर्देशन में तत्काल साइबर टीम और बलौदा पुलिस को आरोपियों की पतासाजी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप एवं डीएसपी प्रदीप कुमार सोरी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर तकनीकी आधार पर जांच शुरू की।
तकनीकी जांच से खुला राज
साइबर टीम द्वारा जुटाए गए तकनीकी इनपुट्स के आधार पर संदेही हरिश धीवर (निवासी बोडसरा, चौकी नैला) को पूछताछ हेतु हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ पल्सर मोटरसाइकिल से बलौदा पहुंचा और वहां महामाया एजेंसी के बाहर खड़े स्वराज ट्रैक्टर और ट्राली को रात्रि लगभग 1:30 बजे चोरी कर ले गया। ट्रैक्टर को साथी देवेन्द्र धीवर उर्फ बाबा राम के घर (ग्राम अफरीद, थाना सारागांव) में छिपाया गया और ट्राली को रिंकू सिदार (निवासी खपरीडीह, थाना बम्हनीडीह) को ₹70,000 में बेचने का सौदा किया गया, जिसमें से ₹20,000 की अग्रिम राशि प्राप्त की गई।
ट्रैक्टर का इंजन ग्राम बोडसरा में एक पुराने खंडहरनुमा मकान के पीछे छिपाकर रखा गया था। आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर चोरी की गई ट्राली और ट्रैक्टर के हिस्से बरामद कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपी:
- हरिश धीवर, निवासी बोडसरा, चौकी नैला
- देवेन्द्र धीवर उर्फ बाबा राम, निवासी ग्राम अफरीद, थाना सारागांव
- रिंकू सिदार, निवासी खपरीडीह, थाना बम्हनीडीह
इन तीनों के अतिरिक्त दो विधि विरुद्ध संघर्षरत किशोरों की भी इस चोरी में संलिप्तता पाई गई, जिन्हें किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
न्यायिक कार्यवाही:
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य प्राप्त होने पर उन्हें 12 मई 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। मामले में सम्मिलित दो किशोरों को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान:
इस सफल कार्यवाही में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष तबोली, साइबर प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, सहायक उप निरीक्षक विवेक कुमार सिंह, प्रआर मनोज तिग्गा, विवेक सिंह, आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, शहबाज अहमद, अर्जुन यादव, हजारीलाल मेरसा, तथा बलौदा थाना के प्रधान आरक्षक मुकेश यादव, गजानंद पाटनवार, हेमंत साहू, महेश राज, प्रहलाद निर्मलकर का विशेष योगदान रहा।
जांजगीर-चांपा पुलिस की इस त्वरित एवं सटीक कार्यवाही से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है एवं आपराधिक तत्वों में भय व्याप्त हुआ है।