डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...
बिलासपुर
थाना तोरवा क्षेत्र अंतर्गत एन.ई. कॉलोनी निवासी विनीता साहनी (उम्र 37 वर्ष) द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने मृतिका के पति ओब्रे हेल (उम्र 40 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध था, साथ ही वह पत्नी के साथ लगातार मारपीट करता था जिससे क्षुब्ध होकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले की जानकारी अनुसार दिनांक 06 अप्रैल 2024 को विनीता साहनी ने अपने निवास स्थान पर आत्महत्या कर ली थी। इस संबंध में थाना तोरवा में मर्ग क्रमांक 17/24 धारा 174 दंड प्रक्रिया संहिता के तहत जांच की जा रही थी।
जांच के दौरान मृतिका के पिता श्री राजकुमार साहनी और भाई श्री विपिन साहनी से पूछताछ की गई, जिनके बयान में बताया गया कि मृतिका का पति ओब्रे हेल पिछले कुछ समय से किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध में था। इसी कारण वह विनीता के साथ अक्सर विवाद करता था और मारपीट व मानसिक प्रताड़ना भी करता था।
पुलिस ने मृतिका के मोबाइल की तकनीकी जांच भी करवाई, जिसमें मारपीट और प्रताड़ना के सबूत मिले। मर्ग जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी ओब्रे हेल के खिलाफ अपराध क्रमांक 194/25 धारा 306 भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया।
घटना की सूचना तत्काल जिले के पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.) को दी गई, जिन्होंने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री राजेंद्र जायसवाल और नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) श्री अक्षय प्रमोद सबद्रा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी तोरवा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ओब्रे हेल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की विवेचना कर रही है और जल्द ही चार्जशीट न्यायालय में प्रस्तुत की जाएगी।