सकरी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी के 24 घंटे के अंदर चोरो को दबोचा...थाना कप्तान प्रदीप आर्य के नेतृत्व मे लगातार हो रही चोरो पर कार्यवाही

डेली न्यूज़ टाइम्स... जिया उल्ला खान...

बिलासपुर, सकरी: सकरी थाना क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान हुई चोरी की वारदात को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों समेत दो किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें सभी ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया बैग, नकदी 1900 रुपये, गिफ्ट लिफाफे और चाबी का गुच्छा बरामद किया है।


चोरी की वारदात – शादी समारोह में हुई घटना

दिनांक 19 अप्रैल 2025 को ग्राम हांफा निवासी अवधेश तिवारी की शादी वन चेतना केंद्र, सकरी में आयोजित थी। समारोह के दौरान प्रार्थी ने अपना बैग, जिसमें लगभग 40,000 रुपये नकद, पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम कार्ड, चेक बुक और अन्य सामान थे, रिसेप्शन के पास एक कुर्सी पर रखकर फोटो खिंचवाने चला गया। कुछ देर बाद वापस लौटने पर उसे बैग गायब मिला।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सकरी में अपराध क्रमांक 320/2025, धारा 305(A), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तुरंत जांच शुरू की।

आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आवास पारा सकरी निवासी रोहित सूर्यवंशी और उसके साथी वन चेतना केंद्र के आसपास संदिग्ध रूप से घूमते नजर आए हैं। इस सूचना के आधार पर रोहित सूर्यवंशी को तलब कर पूछताछ की गई। पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि चोरी की वारदात में उसके साथ अक्षय सूर्या और दो विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल थे।

रोहित की निशानदेही पर अक्षय सूर्या और दोनों किशोरों को भी पकड़ा गया। सभी ने घटना में शामिल होने की बात कबूल की।

बरामद सामान

चारों आरोपियों के बयान और निशानदेही पर चोरी गया बैग, नकदी 1900 रुपये, चाबी का गुच्छा और कुछ गिफ्ट लिफाफे बरामद किए गए।

  • रोहित सूर्यवंशी के कब्जे से: बैग, 500 रुपये नकद और चाबी का गुच्छा
  • अक्षय सूर्या के पास से: गिफ्ट लिफाफा और 500 रुपये नकद
  • दोनों किशोरों से: 900 रुपये नकद और गिफ्ट लिफाफे

एक अन्य विधि से संघर्षरत बालक की तलाश अभी भी जारी है।

कार्रवाई में लगी टीम

इस पूरे मामले में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में उप निरीक्षक हेमंत आदित्य, सहायक उप निरीक्षक सुरेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक चोलाराम पटेल, आरक्षक इंद्रावन सिंह मरकाम, सज्जू अली, पवन बंजारे और रूपेश कौशिक की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर सफलता हासिल की।


Post a Comment

Previous Post Next Post