किंग कोहली के आगे पाकिस्तान ने थोड़ा दम...भारत ने पाकिस्तान को 6 विकटो से रौंदा

डेली न्यूज़ टाइम्स 
.... जिया उल्ला खान.....

आईसीसी टूर्नामेंटों में पाकिस्तान पर कहर साबित होने वाले विराट कोहली ने एक बार फिर इतिहास को दोहराया, जिसके चलते भारत ने दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में चैंपियंस ट्रॉफी के इस महामुकाबले में पाकिस्तान को छह विकेट से हरा दिया. पाकिस्तान के खिलाफ इस जीत के साथ ही भारत ने एक कदम सेमीफाइनल में रख दिया है. 
भारत की जीत तो दीवार पर लिखी इबारत की तरह साफ हो गई थी लेकिन कशमकश यह थी कि कोहली का शतक बनेगा या नहीं. और फिर आधुनिक क्रिकेट के इस महानायक ने न सिर्फ चौके के साथ 51वां वनडे शतक पूरा किया बल्कि फॉर्म में लौटकर विरोधी टीमों के लिए खतरे की घंटी बजा दी.

कोहली ने चौका जड़ पूरा किया शतक और टीम इंडिया को मिली जीत

जीत के लिये 242 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को 42वें ओवर के बाद चार रन की जरूरत थी. खुशदिल शाह के ओवर में विराट ने पहली गेंद पर एक रन लिया और फिर अक्षर पटेल ने दूसरी गेंद पर एक रन लिया. अब भारत को जीत के लिये दो रन और विराट को शतक के लिए चार रन चाहिए थे. तीसरी गेंद पर एक्स्ट्रा कवर में चौका जड़ने के साथ कोहली के चेहरे पर इत्मीनान की मुस्कान आई. इसके साथ ही टीवी पर नजरें गड़ाये बैठे करोड़ों भारतीय क्रिकेट प्रेमी भी खुशी से झूम उठे. लगातार एक तरह से आउट होने, स्पिन के खिलाफ असहज होने और बड़ी पारी नहीं खेल पाने की कई चुनौतियों से उबरते हुए कोहली ने पुराने फॉर्म के दीदार कराए.

Post a Comment

Previous Post Next Post