अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर बिलासपुर पुलिस की जागरूकता रैली, नशा मुक्त समाज का दिया संदेश

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....

बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। भारत सरकार के निर्देशानुसार 17 जून से 26 जून तक मनाए जा रहे "नशा मुक्त भारत सप्ताह" के तहत जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम एवं रैलियों का आयोजन किया गया।

पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे चेतना अभियान के अंतर्गत नशे के विरुद्ध लगातार जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतिम दिन जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों को साथ लेकर नशा मुक्ति रैली निकाली तथा लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने आमजन से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार और समाज को भी नशे से बचाएं तथा स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि नशा मुक्त बिलासपुर और नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता भी बेहद जरूरी है।

इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, निरीक्षक देवेश सिंह, निरीक्षक रवींद्र अनंत, निरीक्षक नीलेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में भी जागरूकता कार्यक्रम और रैलियों का आयोजन किया गया, जिसमें आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।


Post a Comment

Previous Post Next Post