लाइफ केयर हॉस्पिटल में मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति ने मचाया उत्पात, मरीजों और कर्मचारियों में दहशत


डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...

बिलासपुर। शहर के गुरु नानक चौक स्थित लाइफ केयर हॉस्पिटल में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति अस्पताल परिसर में घुसकर हंगामा करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजू उर्फ शत्रुघ्न नामक व्यक्ति ने अस्पताल में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों के सामने अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल के सुरक्षा कर्मियों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह और अधिक उग्र हो गया। इसी दौरान उसने अपने हाथ में मौजूद पत्थर से अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के टफन ग्लास पर हमला कर दिया, जिससे शीशे का दरवाजा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद भी वह नहीं रुका और लगातार पत्थर उठाकर लोगों की ओर फेंकने तथा हमला करने का प्रयास करता रहा।

अचानक हुए इस घटनाक्रम से अस्पताल में मौजूद मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना तत्काल तोरवा थाना पुलिस और डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति लंबे समय से मानसिक बीमारी से ग्रसित है और पूर्व में भी कई बार क्षेत्र में लोगों से विवाद तथा मारपीट जैसी घटनाओं को अंजाम दे चुका है। जानकारी के अनुसार, उसे पहले भी उपचार के लिए मानसिक चिकित्सालय भेजा जा चुका है, लेकिन बाद में वह वापस घर लौट आता है।

घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से ऐसे मामलों में उचित निगरानी और प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


Post a Comment

Previous Post Next Post