अब सड़क पर नहीं चलेगी मनमानी: अवैध पार्किंग, ढाबों और नशे में ड्राइविंग पर कलेक्टर-एसएसपी का सख्त एक्शन

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )...

बिलासपुर.....

जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और ग्रामीण सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण करते हुए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया गया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध रूप से खड़े ट्रक और भारी वाहनों को दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताते हुए निर्देश दिए कि वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों और ले-बाय में ही खड़े किए जाएं। प्रारंभिक चरण में वाहन चालकों और मालिकों को चेतावनी दी जाएगी, लेकिन इसके बाद नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सड़क किनारे संचालित ढाबों और होटलों के कारण उत्पन्न होने वाली अवैध पार्किंग की समस्या पर भी चिंता व्यक्त की गई। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे प्रतिष्ठानों को स्वयं पार्किंग की समुचित व्यवस्था करनी होगी। इसके लिए निजी भूमि मालिकों की सहमति से पार्किंग विकसित करने तथा सड़क किनारे उपलब्ध शासकीय भूमि का सर्वे कर पार्किंग स्थल चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।

बरसात के मौसम को देखते हुए सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को ध्यान में रखते हुए गोधन आश्रय स्थलों, गौठानों और गोधामों को अभी से तैयार रखने, वहां साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और चारे-पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेट्रोलिंग दलों और फ्लाइंग स्क्वॉड को नियमित निगरानी और अवैध ढाबों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में कमी दर्ज की गई है, लेकिन सुधार की अभी भी काफी गुंजाइश है। पिछले छह माह में जिले में सड़क हादसों में 151 लोगों की जान गई है। रतनपुर, तखतपुर और मस्तूरी थाना क्षेत्रों में सबसे अधिक दुर्घटनाएं और मौतें दर्ज हुई हैं। उन्होंने थाना-वार समीक्षा कर संबंधित विभागों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना हादसों का प्रमुख कारण बनकर सामने आया है। ऐसे मामलों में केवल चालानी कार्रवाई नहीं, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने सभी विभागों से समन्वित टीम भावना के साथ कार्य करने की अपील की।

बैठक में यह भी सामने आया कि टोल टैक्स बचाने के लिए कुछ भारी वाहन ग्रामीण सड़कों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे सड़कें क्षतिग्रस्त होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। ऐसे वाहनों की पहचान कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, जिले के सभी एसडीएम, एसडीओपी, थाना प्रभारी, एनएचएआई, परिवहन, पशु चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने सड़क सुरक्षा को जन आंदोलन का स्वरूप देने और दुर्घटनामुक्त बिलासपुर के लक्ष्य को हासिल करने के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post