बेलगहना को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की सौगात, प्रथम प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का भव्य शुभारंभ

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....

बेलगहना,- क्षेत्र के चिकित्सा जगत में रविवार का दिन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ, जब स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बना चुके प्रथम हॉस्पिटल ने अपने सेवा विस्तार की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए बेलगहना में "प्रथम प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र" का भव्य शुभारंभ किया। केंद्र का उद्घाटन पूज्य सिद्ध बाबा शिवानंद जी महाराज के करकमलों से संपन्न हुआ।

शुभारंभ के अवसर पर एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें बेलगहना सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

इस नए केंद्र की स्थापना के साथ अब बिलासपुर में अपनी विश्वसनीय चिकित्सा सेवाओं के लिए पहचान रखने वाले प्रथम हॉस्पिटल की गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं बेलगहना और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी अपने घर के समीप उपलब्ध हो सकेंगी।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं तथा गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। स्वास्थ्य शिविर में लोगों की भारी भागीदारी ने क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता को भी उजागर किया।

इस अवसर पर डॉ. रजनीश पांडेय ने कहा कि बेलगहना में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्थापना का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के पास ही उच्च स्तरीय एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अब क्षेत्रवासियों को सामान्य उपचार और आपातकालीन प्राथमिक चिकित्सा के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

डॉ. पांडेय ने क्षेत्रवासियों से स्वास्थ्य केन्द्र में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील भी की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अतिथियों, सहयोगियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। स्वास्थ्य शिविर की सफलता और लोगों के उत्साह ने यह स्पष्ट कर दिया कि क्षेत्र में लंबे समय से ऐसी विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब प्रथम हॉस्पिटल ने पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post