जेल गेट पर मोबाइल पर बात करता दिखा आरोपी, मारपीट मामले का फरार सलमान पंहुचा जेल

डेली न्यूज़ टाइम्स....
बिलासपुर। बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र में हुई मारपीट के मामले में महीनों से फरार चल रहे आरोपी सलमान को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, कुछ महीने पहले 3 से 4 आरोपियों ने मिलकर तौसीफ़ खान के साथ मारपीट की थी। घटना के बाद पीड़ित ने तारबाहर थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी सलमान फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
लंबे समय बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे जेल भेज दिया। हालांकि, आरोपी को जेल पहुंचाने के दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने कई सवाल खड़े कर दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जेल गेट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को मोबाइल फोन पर बातचीत करने की खुली छूट दे दी। आरोपी आराम से फोन पर बात करता नजर आया, जबकि जेल में दाखिले की प्रक्रिया के दौरान इस तरह की छूट को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
अब यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर आरोपी को जेल गेट पर मोबाइल इस्तेमाल करने की अनुमति किस आधार पर दी गई और क्या यह नियमों के अनुरूप था। मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post