डेली न्यूज़ टाइम्स - ( जिया उल्ला खान )....
छत्तीसगढ़ - छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित ज्वैलरी पार्क की स्थापना को लेकर प्रयास तेज हो गए हैं। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर स्थित CSIDC कार्यालय में अध्यक्ष राजीव अग्रवाल से मुलाकात कर ज्वैलरी पार्क की ऐतिहासिक स्वीकृति के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि बैठक के दौरान ज्वैलरी पार्क के शीघ्र क्रियान्वयन, भूमि आवंटन, आधारभूत संरचना के विकास तथा प्रदेश के हजारों सुनार एवं छोटे सराफा कारीगरों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
राजीव अग्रवाल ने विश्वास जताया कि ज्वैलरी पार्क छत्तीसगढ़ के सराफा उद्योग को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती प्रदान करेगा।
बैठक के दौरान उन्हें आगामी 28 जून 2026, रविवार को बिलासपुर में आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ सराफा राष्ट्रीय महासम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया गया। सम्मेलन में "सुरक्षा प्रथम", BIS कार्यशाला एवं व्यापारी कल्याण जैसे विषयों पर विशेष चर्चा प्रस्तावित है।
इसी बीच सराफा समाज के लिए एक और महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। खगड़िया (भागलपुर) के सांसद राजेश वर्मा (सोनी) ने भी महासम्मेलन में शामिल होने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। प्रतिष्ठित सराफा व्यवसायी परिवार से जुड़े युवा सांसद के कार्यक्रम में शामिल होने की सूचना से प्रदेशभर के सराफा व्यापारियों एवं एसोसिएशन पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं CCCI के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि सराफा समाज की एकजुटता और सहयोग से उद्योग के विकास के लिए लगातार सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं तथा आने वाले समय में इसके बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे।