डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
बिलासपुर। कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत अमाली में प्रस्तावित कोल वाशरी परियोजना का विरोध तेज हो गया है। कोट पूर्व जनपद अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता संदीप शुक्ला ने कलेक्टर बिलासपुर को पत्र सौंपकर 19 जून 2026 को प्रस्तावित जनसुनवाई को स्थगित करने की मांग की है।
पत्र में संदीप शुक्ला ने कहा है कि जिस भूमि पर कोल वाशरी स्थापित की जा रही है, वह कृषि उपयोग के नाम पर खरीदी गई थी, जबकि अब उसका उपयोग औद्योगिक कार्यों के लिए किया जा रहा है, जो नियमों के विपरीत है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि ग्राम पंचायत अमाली में संविधान की पांचवीं अनुसूची लागू है, ऐसे में ग्रामसभा की सहमति के बिना जनसुनवाई कराना उचित नहीं होगा।
पत्र में यह भी बताया गया है कि प्रस्तावित कोल वाशरी स्थल से लगभग 200 मीटर की दूरी पर शासकीय महाविद्यालय संचालित है, जिससे विद्यार्थियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसके अलावा आसपास के रिजर्व क्षेत्र, कृषि भूमि, पर्यावरण और भूजल पर भी नकारात्मक असर पड़ने की बात कही गई है।
संदीप शुक्ला ने पत्र में कहा है कि कोल वाशरी शुरू होने से प्रदूषण बढ़ेगा, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होंगी और बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ने से सामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में भी वृद्धि हो सकती है। इन सभी बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने कलेक्टर से 19 जून को प्रस्तावित जनसुनवाई को स्थगित कर ग्रामीणों की आपत्तियों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है।