डेली न्यूज़ टाइम्स.. ( बिलासपुर )
न्यायधानी बिलासपुर से एक चौंकाने वाली और खाकी को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक आरक्षक ने शराब के नशे में थाना परिसर के अंदर ही जमकर हंगामा कर दिया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है, जहां ड्यूटी पर तैनात आरक्षक ने अपनी हरकतों से न सिर्फ पुलिस विभाग की छवि धूमिल की, बल्कि एक बड़ी घटना को भी न्योता दे दिया।
जानकारी के अनुसार, आरक्षक विष्णु चंद्रा ड्यूटी के दौरान ही शराब के नशे में धुत था। इसी दौरान उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर मोबाइल फोन से अपने ही सगे बड़े भाई को कॉल कर जान से मारने की धमकी दे डाली। धमकी से घबराए बड़े भाई ने तत्काल सिविल लाइन थाना पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देना शुरू किया।
बताया जा रहा है कि जैसे ही वह अपनी बात पुलिस को बता रहा था, उसी दौरान आरोपी आरक्षक भी गश्त पॉइंट से थाना परिसर पहुंच गया और अपने भाई के साथ विवाद करने लगा। शराब के नशे में बेकाबू आरक्षक ने थाना परिसर में जमकर उत्पात मचाया, जिससे वहां मौजूद पुलिसकर्मियों और आम लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थिति उस वक्त और गंभीर हो गई, जब आरोपी आरक्षक ने गश्त ड्यूटी के दौरान मिली SLR रायफल को लोड कर फायर करने की कोशिश की। हालांकि, मौके पर मौजूद सिविल लाइन थाना स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत दौड़कर उससे हथियार छीन लिया और लोडेड कारतूस बाहर निकालकर स्थिति को काबू में किया। इसके बाद आरोपी आरक्षक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया और हथियार को जब्त कर लिया गया।
पूरी घटना थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अब फुटेज की जांच कर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने की तैयारी में हैं।
इस घटना ने एक बार फिर पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, सिविल लाइन थाना स्टाफ की मुस्तैदी से एक बड़ी अनहोनी टल गई, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
फिलहाल, आरोपी आरक्षक के खिलाफ विभागीय और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।