गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर इंटक का हल्ला बोल, एसडीएम गौरेला को सौंपा ज्ञापन

डेली न्यूज़ टाइम्स.... (जिया उल्ला खान ).....
जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और उपभोक्ताओं की परेशानियों को लेकर इंटक संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी अपने संगठन के पदाधिकारियों के साथ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गौरेला के पास पहुंचे और लिखित ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में गैस की भारी समस्या बनी हुई है। उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग करने के बावजूद सिलेंडर की डिलीवरी नहीं पा रहे हैं, जबकि उनके खातों में सब्सिडी की राशि जमा कर दी जा रही है। आरोप है कि एजेंसियों द्वारा इन्हीं सिलेंडरों को अधिक दाम पर दूसरे ग्राहकों को बेच दिया जा रहा है।

इंटक अध्यक्ष इदरीस अंसारी ने विशेष रूप से पायल गैस एजेंसी और सियाराम गैस एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को महीनों तक OTP या डिलीवरी कन्फर्मेशन नहीं दिया जाता, जबकि उनके नाम के सिलेंडर ब्लैक में बेच दिए जाते हैं।

इसके अलावा डोर-डिलीवरी के नाम पर शुल्क तो लिया जाता है, लेकिन महज 20 प्रतिशत ग्राहकों तक ही सिलेंडर घर पहुंचता है। बाकी उपभोक्ताओं को पहले एजेंसी और फिर गोदाम तक भटकना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद इंटक ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं एसडीएम गौरेला ने शिकायत मिलते ही खाद्य अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं।

ज्ञापन सौंपने के दौरान सहाना बेगम, प्रियंका गांधी संगठन की प्रदेश अध्यक्ष, विद्या राठौर, ओमकार पांडेय, आबिद भाई, मदन मोहन, पुष्पा आर्मो सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post