आबकारी विभाग का प्रहार जारी : गनियारी में दो आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में महुआ शराब और लाहन नष्ट

डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान ).....

बिलासपुर जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार सघन गश्त और कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में दिनांक 25 अप्रैल 2026 को आबकारी विभाग की टीम ने गनियारी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब निर्माण कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग की टीम ने अल सुबह गनियारी गांव में दबिश दी। इस दौरान विक्की वर्मा (36 वर्ष), पिता रज्जू वर्मा, निवासी गनियारी थाना कोटा, के कब्जे से 95 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। वहीं दूसरे आरोपी सरातू वर्मा (32 वर्ष), पिता बहोरन वर्मा, निवासी गनियारी थाना कोटा, के पास से 25 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)क/च, 34(2) और 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से रिमांड प्राप्त कर जेल भेज दिया गया।

इसके अलावा आबकारी विभाग ने गनियारी के सूर्यवंशी मोहल्ले में अलग-अलग स्थानों—नाला, तालाब और खेत—में छिपाकर रखी गई अवैध महुआ शराब निर्माण सामग्री पर भी कार्रवाई की। टीम ने यहां से 140 लीटर महुआ शराब और 2760 किलो महुआ लाहन जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। यह लाहन अवैध शराब निर्माण के लिए संग्रहित किया गया था।

यह पूरी कार्रवाई जिला आबकारी उड़नदस्ता प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी विशेश्वर साव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक धर्मेंद्र शुक्ला, मुख्य आरक्षक सुभाष तिवारी और जयशंकर कमलेश सहित अन्य स्टाफ शामिल रहे।

आबकारी विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post