रतनपुर के पेंडारी गांव में खूनी संघर्ष मे घायलों से मिलने पहुंचे अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मकबूल इकबाल

डेली न्यूज़ टाइम्स... डेस्क / खबर...
बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पेंडारी में हुई मारपीट की सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए सिम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मंगलवार को अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मकबूल इकबाल, प्रदेश मंत्री तौसीफ खान, ग्रामीण अध्यक्ष मुशर्रफ़ खान सहित फैजान अहमद, शिबू खान, शाहिद रजा, सिकंदर खान, हनीफ खान और सोनू खान बिलासपुर पहुंचकर सिम्स हॉस्पिटल गए। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और परिजनों को ढांढस बंधाया।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल के डॉक्टरों से चर्चा कर घायलों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। नेताओं ने कहा कि सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है और इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इधर, घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मारपीट के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post