डेली न्यूज़ टाइम्स...जिला जीपीएम/ बिलासपुर...
बिलासपुर में आयोजित राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस इंटक की 46वीं वर्किंग कमेटी बैठक में इंटक जिला अध्यक्ष इदरीस अंसारी को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में उन्हें एक बार फिर जीपीएम जिले का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया, वहीं प्रदेश स्तर पर इंटक का महासचिव भी बनाया गया। इस दोहरी जिम्मेदारी से इंटक परिवार में उत्साह का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, इदरीस अंसारी पिछले सात वर्षों से इंटक जिला अध्यक्ष के रूप में सक्रिय हैं और संगठन ने उन पर तीसरी बार भरोसा जताया है। बैठक में वे अपनी टीम के साथ शामिल हुए, जहां उनका स्वागत किया गया और पुनः जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संजय सिंह द्वारा उन्हें प्रदेश इंटक का महासचिव नियुक्त करते हुए नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया गया।
शुरुआत में इदरीस अंसारी ने दोहरी जिम्मेदारी लेने से इनकार करते हुए केवल जिले तक सीमित रहने की बात कही, लेकिन संगठन के पदाधिकारियों ने उनकी कार्यशैली, काबिलियत और मजदूरों के हित में किए गए कार्यों को देखते हुए दोनों जिम्मेदारियां संभालने का आग्रह किया। अंततः उन्हें दोनों पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई।
मीडिया से चर्चा के दौरान इदरीस अंसारी ने कहा कि उन्हें इस नियुक्ति की जानकारी पहले से नहीं थी और यह सम्मान उन्हें बैठक में अचानक मिला। उन्होंने इसके लिए राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिले और प्रदेश—दोनों स्तर पर मजदूरों के हित में पूरी निष्ठा से काम करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि “काम करने की इच्छा शक्ति होनी चाहिए, कोई भी कार्य नामुमकिन नहीं होता।”