डेली न्यूज़ टाइम्स....
बिलासपुर..... प्रेस क्लब के सम्मानित सदस्य सरफराज मेमन के सुपुत्र मोहम्मद अल्फाज बीती रात एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजित मिश्रा के नेतृत्व में पत्रकारों का एक प्रतिनिधिमंडल आज सर्किट हाउस पहुंचा। यहां उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर घायल युवक के बेहतर इलाज के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करने की मांग की और इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पत्रकार परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर शासन स्तर से उचित मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष तिलकराज सलूजा, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप अग्रवाल, शादाब खान और अमन सिंह सहित अन्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे।