डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
डेस्क खबर......
देशभर के ग्रामीण और उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ऑल इंडिया ग्रामीण क्रिकेट लीग (AIGCL) ने अपने पहले सीजन के लिए खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। इस लीग का उद्देश्य गांव और छोटे शहरों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर मौका देना है।
लीग का पहला सीजन महाराष्ट्र के नागपुर में आयोजित किया जाएगा। यह एक टी-20 फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग होगी, जिसमें कुल 8 टीमें भाग लेंगी और पूरे टूर्नामेंट में 32 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग में चयनित खिलाड़ियों को प्रोफेशनल फ्रेंचाइजी टीमों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा।
आयोजकों के मुताबिक खिलाड़ियों का चयन ऑक्शन प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा और उन्हें नेशनल टीवी व डिजिटल प्लेटफॉर्म पर खेलने का मौका भी मिलेगा। इससे ग्रामीण प्रतिभाओं को देशभर में पहचान मिल सकेगी।
इस लीग में 16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। खास तौर पर गांव, टियर-2 और टियर-3 शहरों के क्रिकेट खिलाड़ियों को इसमें भाग लेने का मौका दिया जा रहा है। देश के सभी राज्यों के खिलाड़ी इसमें आवेदन कर सकते हैं।
आयोजकों ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए कई राज्यों में क्षेत्रीय ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक खिलाड़ी जल्द से जल्द रजिस्ट्रेशन कर ट्रायल में हिस्सा ले सकते हैं।
लीग का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों से नई क्रिकेट प्रतिभाओं को सामने लाना है, ताकि वे बड़े मंच तक पहुंच सकें।