डेली न्यूज़ टाइम्स... ( जिया उल्ला खान )....
बिलासपुर। होली पर्व के मद्देनजर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई के दौरान 3 आरोपियों के कब्जे से 3 धारदार चाकू भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, आगामी होली त्योहार में किसी भी प्रकार की अशांति और विवाद की आशंका को देखते हुए क्षेत्र में लगातार सघन पेट्रोलिंग की जा रही थी। इसी दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 3 आरोपियों को धारदार हथियार के साथ पकड़ा गया। वहीं, लंबे समय से फरार चल रहे 8 गिरफ्तारी वारंटियों को भी दबिश देकर गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा, होली के दौरान मारपीट और अशांति फैलाने की आशंका को देखते हुए 2 व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें भी जेल दाखिल किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।